भाजपा में विश्वास जता रही जनता : मोदी (लीड-1)

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जीत की ओर बढ़ते कदम और केरल में पहली बार एक सीट जीतने के आसार पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देशभर के लोगों ने उनकी पार्टी के प्रति भरोसा जताया है।

भाजपा पश्चिम बंगाल में भी सात सीटें जीतने की ओर बढ़ रही है।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “पूरे देश में लोगों ने भाजपा में विश्वास जताया है। लोग इसे ऐसी पार्टी के तौर पर देख रहे हैं जो चौतरफा एवं समावेशी विकास कर सकती है।”

असम में भाजपा की जीत पर मोदी बेहद उत्साहित हैं। भाजपा की प्रत्याशित जीत के बाद राज्य में कांग्रेस का 15 साल का शासन समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने कहा, “भाजपा असम के लोगों के सपनों और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी और राज्य की विकास यात्रा को नए ऊंचाइयों पर ले जाएगी।”

मोदी ने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल को प्रचार अभियान में उनके प्रयास और शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

भाजपा असम की 126 सीटों में से 78 पर आगे चल रही है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस केवल 29 सीटों पर आगे है।

मोदी ने केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, “मैं उन सभी को सलाम करता हूं जिन्होंने एक-एक ईंट जोड़कर दशक दर दशक केरल में भाजपा को खड़ा किया है। उनके कारण ही हम यह दिन देख पा रहे हैं।”

केरल में भाजपा एक सीट पर आगे चल रही है। भाजपा के लिए केरल में यह जीत बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें पार्टी को विधानसभा या लोकसभा चुनाव में कभी कोई सीट हासिल नहीं हुई।

मोदी ने असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुदुच्चेरी और केरल को भी उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें आश्वासन देते हुए कहा, “हम हमेशा कड़ी मेहनत करेंगे और उनके लिए काम करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493