भाजपा सांसद का पार्टी पर पैसे लेकर टिकट बांटने का आरोप

पटना, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद आर. के. सिंह ने बिहार चुनाव में टिकट बंटवारे पर नाराजगी जताते हुए पार्टी पर पैसे लेकर टिकट बांटने का आरोप लगाया है।

पूर्व केन्द्रीय गृह सचिव ने शनिवार को कहा कि पार्टी के मौजूदा स्वच्छ छवि के विधायकों का टिकट काटकर, पैसे लेकर अपराधियों और बाहुबलियों को टिकट दिया जा रहा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

उन्होंने पटना में संवाददाताओं से कहा कि बिना कारण कई लोगों का टिकट काटा गया, इसलिए टिकट वितरण पर फिर से विचार होना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि साफ-सुथरी सरकार देने का वादा कर रही भाजपा ने योग्य और कर्मठ कार्यकर्ताओं को दरकिनार करते हुए बिहार में कई जगह अपराधियों को भी टिकट दिए हैं।

आरा संसदीय क्षेत्र से सांसद सिंह ने सवाल उठाया कि ऐसे में भाजपा और लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में क्या फर्क रह जाएगा? अपराधियों के लिए प्रचार कौन करेगा, वोट कौन मांगेगा?

उल्लेखनीय है कि भाजपा के विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ता टिकट बंटवारे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए अपना विरोध जताते रहे हैं। कार्यकर्ता भाजपा के प्रदेश कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493