भारतीय इंजीनियर के परिवार की मदद को आगे आए लोग

हैदराबाद, 24 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी के कंसास में ‘नस्लीय हमले’ का शिकार हुए भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचीवोतला के परिजनों की मदद के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ बढ़ाए हैं।

ओलेथ सिटी के एक बार में बुधवार शाम पूर्व नौसैनिक एडम पुरिंटन ने हैदराबाद निवासी कुचीवोतला (32) की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि वारंगल निवासी आलोक मदासानी को घायल कर दिया था।

दोनों इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण कंपनी गारमिन में एविएशन प्रोग्राम मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।

पुरिंटन ने दोनों भारतीयों को कथित तौर पर ‘मध्य-पूर्व का नागरिक’ समझकर उन पर गोली चला दी। इससे पहले वह चिल्लाया ‘मेरे देश से चले जाओ।’

घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए एक अमेरिकी नागरिक इयान ग्रिलोट (24) को भी गोली लगी, जिसमें वह घायल हो गए।

कुचीवोतला के परिवार की सहायता के लिए धन एकत्र करने के उद्देश्य से ‘गोफंडमी’ नामक पेज बनाया गया था, जिसमें 150,000 डॉलर इकट्ठा करने का लक्ष्य था, जबकि मात्र 11 घंटों में ही 250,000 डॉलर इकट्ठे हो चुके हैं।

अमेरिकी नागरिकों सहित 6,700 से अधिक लोगों ने कुचीवोतला के मित्र कविप्रिय मुथुरामालिंगम द्वारा बनाए गए पेज के माध्यम से 248,404 डॉलर का योगदान किया है।

पेज में कहा गया है, “श्रीनि बेहद दयालु इंसान थे और सबका ख्याल रखते थे। उन्होंने नफरत से भरा एक शब्द या किसी का दिल दुखाने वाली कोई बात अपने मुंह से कभी नहीं निकाली। वह प्रतिभावान, शिष्ट तथा सबसे बड़ी चीज कि एक बेहतरीन इंसान थे।”

पेज के मुताबिक, “उनकी पत्नी सुनयना तथा उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और काफी खर्चे हैं। हमने इस कोष की स्थापना उनके क्रियाकर्म तथा बाकी अन्य खर्चो लिए की है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493