भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का 88वां स्थापना दिवस

नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि और कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने शनिवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के 88वें स्थापना दिवस समारोह का विज्ञान भवन में उद्घाटन किया। मंत्री ने इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वार्षिक पुरस्कार भी प्रदान किए।

कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री एस.एस. अहलूवालिया, पुरुषोत्तम रुपाला एवं सुदर्शन भगत भी इस समारोह में शामिल हुए। इस समारोह की विशेषता यह थी कि पहली बार 700 के करीब किसानों को भी आमंत्रित किया गया और शोधकर्ताओं एवं अधिकारियों के साथ कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने अपने स्थापना दिवस उद्बोधन में भारत सरकार द्वारा विगत दो वर्षो में कृषि, शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के लिए विशेषकर पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों के विकास हेतु जो योजनाएं शुरू की हैं, उनका उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने विकास की अन्य परियोजनाएं यथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि बाजार, जैविक खेती के लिए परम्परागत कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कृषि समर्पित दूरदर्शन चैनल का भी उल्लेख किया।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पुरस्कार 19 वर्गो में 119 प्रतिभागियों को दिए गए, जिनमें न केवल कृषि अनुसंधानकर्ता एवं संस्थान, बल्कि कृषि पत्रकार, कृषक एवं प्रसार कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. टी. महापात्रा ने कार्यक्रम में आए सभी सम्मानित विशिष्ट अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। महानिदेशक ने अपने उद्बोधन में दलहन एवं तिलहन की उत्पादकता एवं उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493