सुवा, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत का एक नौसैनिक जहाज फिजी की सद्भावना यात्रा करेगा। फिजी सरकार ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, फिजी के सूचना विभाग ने कहा है कि भारतीय नौसेना का पोत (आईएनएस) सुमित्रा पांच टन सब्जी के बीजों के साथ बुधवार को फिजी तट पर पहुंच सकता है, जिसे उष्णकटिबंधीय चक्रवात विंस्टन पुनर्वास कार्यक्रम में सहायता के रूप में फिजी सरकार को सौंपा जाएगा।
यात्रा के दौरान फिजी के रक्षा मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग द्वारा आम लोगों के लिए एक चिकित्सा शिविर हेतु एक संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया गया है। शिविर में लोगों को निशुल्क चिकित्सा और परामर्श दिया जाएगा।
विभाग ने कहा कि दर्शकों के लिए आईएनएस सुमित्रा को शुक्रवार को खोला जाएगा।
ऐतिहासिक औपनिवेशिक कारणों की वजह से फिजी की कुल आबादी का करीब 40 प्रतिशत भारतीय मूल के लोग हैं।
dharmpath.com dharmpath