नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय मूल के छह लेखकों को डीएससी दक्षिण एशिया साहित्यिक पुरस्कार 2016 के लिए तैयार संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल किया गया है।
इस सूची की घोषणा गुरुवार को प्रतिष्ठित लंदन स्कूल ऑफ इकॉनॉमिक्स एवं पॉलिटिकल साइंस में की गई।
जिन लेखकों को सूची में शामिल किया गया है उनके नाम अखिल शर्मा (फैमिली लाइफ, ब्रिटेन), अनुराधा राय (स्लीपिंग ऑन जूपिटर, भारत), के.आर. मीरा (हैंग वूमेन, भारत), मिर्जा वहीद (द बुक ऑफ गोल्ड लीव्स, भारत), नील मुखर्जी (द लाइव्स ऑफ अदर्स, ब्रिटेन) और राजकमल झा (शी विल बिल्ड हिम अ सिटी, भारत) हैं।
डीएससी दक्षिण एशिया साहित्यिक पुरस्कार के तहत विजेता को 50,000 डॉलर मिलते हैं। यह किसी भी जाति या देश के लेखक को उसके उपन्यास के लिए दिया जाता है, शर्त सिर्फ इतनी होती है कि उसकी कृति का संबंध दक्षिण एशिया और यहां के लोगों से होना चाहिए।
पुरस्कार निर्णायक मंडल के अध्यक्ष मार्क टुली ने एक बयान में कहा, “हमें मुश्किल फैसले करने पड़े। हमारी अंतिम सूची अब भी दक्षिण एशियाई लेखन की विविधता और जोश को दिखा रही है। इस सूची की सबसे खास बात इसकी लेखकीय गुणवत्ता है।”
भारत में लंबे समय तक बीबीसी के ब्यूरो प्रमुख रह चुके मार्क टुली ने कहा कि सभी उपन्यास अपने यथार्थवाद और जिस तरह अपने माहौल को संप्रेषित करते हैं, उस दृष्टि से अद्भुत हैं।
इस पुरस्कार की खास बात यह है कि इसमें क्षेत्रीय भाषाओं में लिखे उपन्यासों को प्रोत्साहित किया जाता है। साथ ही अगर अनूदित उपन्यास विजयी होता है तो लेखक/लेखिका और अनुवादक, दोनों के बीच पुरस्कार की राशि समान रूप से विभाजित की जाती है।
पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा 16 जनवरी, 2016 को श्रीलंका के गाले साहित्य महोत्सव में किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath