भारत के विकास के लिए बिहार का भाग्य बदलना होगा : मोदी (लीड-1)

हाजीपुर (बिहार), 12 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां शनिवार को कहा कि शॉर्टकट से विकास नहीं हो सकता। तत्कालीन आवश्यकता के साथ-साथ लंबे अरसे की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कोशिश करनी होगी। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए बिहार का भाग्य बदलनना होगा।

हाजीपुर के छौंकिया में आयोजित एक कार्यक्रम में तीन रेल-सड़क पुलों का शुभारंभ और शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने संकेतों में कांग्रेस के 10 साल के शासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पुरानी 10 वर्ष की सरकार ने अगर इन योजनाओं को उपेक्षित नहीं किया होता तो ये योजनाएं पांच वर्ष पूर्व पूरी हो गई होती।

बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की करारी हार के बाद पहली बार बिहार पहुंचे मोदी ने कहा, “नीतीश जी के रेलमंत्री रहते समय का सपना आज पूरा हो गया।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के विकास का ‘नर्वसेंटर’ अब पूर्वी भारत है। इन क्षेत्रों के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने रेल और सड़क को विकास की नींव बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार इन दोनों क्षेत्रों के विकास के प्रति कृतसंकल्पित है।

बिहार के विकास को प्राथमिकता की सूची में रखने की बात कहते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए भी काफी कुछ कर रही है।

आम बजट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब परिवार को गैस कनेक्शन देने का बीड़ा सरकार ने उठाया। ऐसे में आने वाले तीन वर्ष के अंदर चूल्हा जलाने वाली महिलाओं को घरेलू गैस उपलब्ध करवाई जाएगी।

बिजली को विलासिता नहीं, आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि अभी 1000 दिन पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन 1000 गांवों में बिजली पहुंच गई है। इसका सबसे बड़ा हिस्सा बिहार और उत्तर प्रदेश में है।

उन्होंने बिहार में दो लोकोमोटिव इंजन के कारखानों की स्थापना की बात करते हुए कहा कि बिहार को इस तरह की सौगात मिली है।

मोदी ने दावा किया कि पूर्व की सरकार ने पांच वर्ष में बिहार के रेल लिए जितना खर्च किया, उससे करीब ढाई गुना ज्यादा खर्च वर्तमान सरकार ने डेढ़ वर्ष में कर दिया है।

इसके पूर्व प्रधानमंत्री ने दीघा-सोनपुर रेल पुल और मुंगेर में नवनिर्मित रेल-सह-सड़क पुल राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अलावे मोकामा में राजेंद्र पुल के सामानंतर एक अतिरिक्त रेल पुल का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम के दौरान सप्ताह में तीन दिन चलने वाली पाटलिपुत्र-लखनऊ एक्सप्रेस को ही झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रेलमंत्री सुरेश प्रभु, केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी, गिरिराज सिंह व रामविलास पासवान भी मौजूद रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493