नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। अखिल चीन युवा संगठन के अन्तर्राष्ट्रीय विभाग और भारतीय युवा मामले तथा खेल मंत्रालय के युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अन्तर्गत चीन से आए 32 युवा सोमवार को ललित कला अकादमी पहुंचे, जिनका नेतृत्व अखिल चीन युवा विभाग के उपनिदेशक झेंग झी क्यिंग ने किया। इन युवाओं ने अकादमी के प्रशासक सी.एस. कृष्णा शेट्टी तथा सचिव सुधाकर शर्मा से भेंट की।
अकादमी की ओर से जारी बयान के अनुसार, इस अवसर पर प्रशासक शेट्टी ने भारत और चीन के सांस्कृतिक सम्बन्धों को विकसित करने और उसे अधिक प्रगाढ़ करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने भारत-चीन के सदियों पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया और सभ्यता के आरम्भिक काल में दोनों सभ्यताओं के पुराने रिश्तों की याद दिलाई।
इस मौके पर सचिव शर्मा ने युवा प्रतिनिधि मंडल को बताया कि अकादमी द्वारा आयोजित होने वाली अन्तर्राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी-त्रैवार्षिकी भारत में चीनी कलाकारों की प्रतिभागिता होती रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस आयोजन में चीनी कलाकारों की कृतियां हमेशा सराहना पाती रही हैं।
उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों में संस्कृति के विभिन्न आयामों की आपसी भागीदारी की जरूरत पर भी बल दिया और कहा कि एशिया की इन दो शक्तियों के आपसी भाईचारे से विश्व में भी एक सन्तुलन स्थापित हो पाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने अकादमी के आतिथ्य पर खुशी जाहिर की और इस बात को गंभीरता से रेखांकित किया कि दोनों देशों के सांस्कृतिक विकास और सम्बन्धों को मजबूत बनाया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath