नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। भारत व नेपाल ने सुरक्षा को लेकर द्विपक्षीय सलाहकार समूह (बीसीजी) की 12वीं बैठक के दौरान परस्पर सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “बीसीजी की बैठक के दौरान आपसी सुरक्षा चिंताओं के साथ-साथ रक्षा व प्रशिक्षण जरूरतों, विशेषज्ञों का आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन में सहयोग तथा नेपाल में अक्टूबर-नवंबर 2016 में बटालियन स्तर पर होने वाले 10वें किरण ज्योति सैन्य अभ्यास पर चर्चा हुई।”
गुरुवार को हुई बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (उत्तर) अभय ठाकुर ने किया। वहीं, नेपाल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेपाल के विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (दक्षिण एशिया) प्रकाश कुमार सुवेदी ने किया।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडल में रक्षा मंत्रालयों व प्रशिक्षण व संचालन सहित भारतीय सेना व नेपाल सेना के कई निदेशालयों व विभागों के अधिकारी शामिल थे।”
भारत यात्रा पर आए नेपाल के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय सेना प्रमुख दलबीर सिंह तथा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज (एनडीसी) के प्रमुख से मुलाकात की।
इस बीच, नेपाल के उपप्रधानमंत्री व विदेश मंत्री कमल थापा शुक्रवार को यहां पहुंचे और दिन में बाद में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे।
कमल थापा राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को आयोजित साउथ एशियन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
dharmpath.com dharmpath