नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को कहा कि उन्होंने भारत-नेपाल सीमा पर संचार सेवा बहाल करने के लिए कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
मंत्री ने ट्वीट किया, “मैंने भारत-नेपालसीमा पर संचार लाइने बहाल करने को कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। हालात पर बराबर नजर रखी जा रही है।”
भूकंप पीड़ितों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्होंने कहा, “भारत व नेपाल में भूकंप को लेकर बहुत दुख हुआ। इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति मैं हार्दिक संवेदना जताता हूं। घायलों व प्रभावितों के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।”
नेपाल के एक अधिकारी के मुताबिक, शनिवार को आए भीषण भूकंप में कम से कम 900 लोगों की मौत हुई है। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.9 दर्ज की गई।
dharmpath.com dharmpath