संयुक्त राष्ट्र, 14 जनवरी (आईएएनएस)। भारत ने अधिक गरीब देशों से जुड़े मुद्दों पर उन्हें अपना निरंतर सहयोग देने का वादा किया है और कहा है कि वह इन देशों पर विशेष ध्यान देगा।
भारत के नवनियुक्त स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने मंगलवार को कहा, “भारत विकासशील देशों की एकता बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगा और एलडीसी (लीस्ट डेवलप्ड कंट्रीज), एसआईडी (स्मॉल आइलैंड डेवलपिंग स्टेट्स ) और एलएलडीसी (लैंड लॉक्ड डेवलपिंग कंट्रीज) के लोगों के हित के लिए प्रयास में कोई कमी नहीं छोड़ेगा। वे उनसे जुड़े मुद्दों के लिए हमारे निरंतर सहयोग पर भरोसा कर सकते हैं।”
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के सबसे बड़े अंतर-सरकारी संगठन ‘ग्रुप ऑफ 77’ (जी 77) के अध्यक्ष पद के दक्षिण अफ्रीका से थाईलैंड को हस्तांतरित किए जाने की बैठक के दौरान ये बातें कहीं।
पिछले वर्ष सितंबर में संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में अपनाए गए सतत विकास के लक्ष्यों (एजेंडा 2030) के बारे में बाते करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें अमल में लाने के क्रम में विकासशील देशों की प्राथमिकताओं और जरूरतों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
अकबरुद्दीन ने कहा, “2015 अगर विचार-विमर्श और वार्ता का वर्ष था, तो 2016 समेकन और कार्यान्वयन का समय होना चाहिए।”
थाईलैंड के विदेश मंत्री डॉन प्रमुदविनई ने कहा कि अध्यक्ष के तौर पर उनकी प्राथमिकता 2030 के एजेंडे को लागू कराना रहेगी।
भारत ने पिछले साल ‘इंडिया पेसिफिक आईलैंड्स कोऑपरेशन’ (एफआईपीआईसी) की मेजबानी के दौरान अंतरिक्ष और सूचना एवं संचार प्रोद्यौगिकी के क्षेत्रों समेत सभी क्षेत्रों में व्यापक सहयोग बढ़ाने की घोषणा की थी।
dharmpath.com dharmpath