मुंबई, 17 जून (आईएएनएस)। भारत-पाकिस्तान समूह ‘पाकिस्तान इंडिया पीपुल्स फोरम फॉर पीस एंड डेमोक्रेसी’ (पीआईपीएफपीडी) ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पाकिस्तानी समकक्ष को रमजान की शुभकामनाएं देने की सराहना की है। रमजान का पाक महीना गुरुवार से शुरू हो रहा है।
पाकिस्तान इंडिया पीपुल्स फोरम फॉर पीस एंड डेमोक्रेसी ने भारतीय जेलों में बंद पाकिस्तानी मछुआरों की रिहाई के भारत के फैसले का भी स्वागत किया।
पीआईपीएफपीडी(भारतीय खंड) ने एक बयान में कहा, “हम प्रधानमंत्री कार्यालय के इन फैसलों का स्वागत करते हैं। हमें लगता है कि पाकिस्तान के साथ दोस्ताना संबंध बरकरार रखने के ये प्रयास सिलसिलेवार होना चाहिए।”
इस बयान पर आशा हंस, अनुराधा भसीन, तपन बोस, सुमित चक्रवर्ती, मनोरंजन मोहंती और अन्य के हस्ताक्षर हैं।
उल्लेखनीय है कि मोदी ने मंगलवार को पााकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी अहमदजई को फोन किया और उन्हें रमजान की शुभकामनाएं दी।
हालांकि पीआईपीएफपीडी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार भारत-पाकिस्तान संबंधों पर काम करते समय भ्रामक संकेत दे रही है।
पाकिस्तान इंडिया पीपुल्स फोरम फॉर पीस एंड डेमोक्रेसी ने कहा, “एक ओर हमें खुशी है कि भारत की ओर से पाकिस्तानी मछुआरों की रिहाई के जरिए आखिरकार एक संकेत दिया गया है, वहीं दूसरी ओर हम भारत सरकार के दोहरे मापदंड को लेकर चिंतित भी हैं।”
dharmpath.com dharmpath