नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। भारत के विदेश सचिव एस. जयशंकर और उनके बांग्लादेशी समकक्ष मोहम्मद शहीदुल हक के बीच सोमवार को हुई मुलाकात में सीमा सुरक्षा और समुद्री सहयोग सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
हक सोमवार से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर हैं।
एक आधिकारिक सूत्र ने यहां मंगलवार को बताया कि बैठक में पिछले साल जून में ढाका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान भारत और बांग्लादेश के बीच 22 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए थे।
सूत्र के मुताबिक, “विदेश मंत्रियों ने दोनों दक्षिण एशियाई देशों की सीमा सुरक्षा एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया, ताकि सीमा पर कोई हताहत न हो। इसके साथ ही समुद्री सहयोग मजबूत करने की जरूरत पर भी सहमति जताई गई।”
सूत्र ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पर फैसला करने के दौरान यह सुझाव भी दिया गया कि दोनों देशों को मछु़आरों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय होना चाहिए। मछुआरों को जागरूक करना चाहिए ताकि एक-दूसरे की समुद्री सीमा में प्रवेश करने की घटनाओं में कमी आए।”
बैठक के दौरान तीस्ता जल बंटवारा मुद्दे पर भी चर्चा हुई और संयुक्त नदी आयोग की यथाशीघ्र बैठक बुलाने पर सहमति जताई गई।
दोनों पक्षों के बीच भारतीयों और बांग्लादेशियों के हित के लिए पोत परिवहन सेवाएं यथाशीघ्र शुरू करने पर भी चर्चा हुई।
इनके साथ ही जल और ऊर्जा क्षेत्रों, द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, व्यक्ति से व्यक्ति का संपर्क बढ़ाने और वीजा सुविधा जैसे कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
dharmpath.com dharmpath