जम्मू, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत व पाकिस्तान की सेना के कमांडिंग अफसरों ने जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले में मंगलवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर फ्लैग मीटिंग की।
रक्षा प्रवक्ता एस.एन.आचार्य ने जम्मू में आईएएनएस से कहा, “भारत व पाकिस्तानी सेना के बीच पुंछ जिले में आज (मंगलवार) सुबह 11.00 बजे चाकन दा बाग क्रॉसिंग प्वाइंट पर एक सीओ (कमांडिंग ऑफिसर) स्तरीय फ्लैग मीटिंग हुई।”
उन्होंने कहा, “पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में दो दिन पहले हुई गोलीबारी पर फ्लैग मीटिंग में चर्चा हुई।”
अधिकारी ने कहा, “बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। दोनों पक्षों ने एलओसी पर शांति व सौहार्द के लिए सभी संभावित उपाय करने का फैसला किया।”
प्रवक्ता ने कहा, “चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि ठंड के मौसम के बाद यह समय कृषि गतिविधियों का है। इन गतिविधियों को सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावित कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि किसानों की आजीविका पर कोई प्रभाव नहीं पड़े।”
dharmpath.com dharmpath