इंफाल, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया। तीन नए चेहरे को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, जबकि तीन वरिष्ठ मंत्रियों को मंत्रिमंडल से छुट्टी कर दी गई है।
राज्यपाल वी.षणमुगनाथन ने तीन नए मंत्रियों -क्षेत्रीमायुम बीरेन, मंगा वाईफेई और आर.डी. कोरंगथांग- को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पहले मंत्रिमंडल से वन मंत्री थोदम देबेंद्र, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री फ्रांसिस नगजोकपा और स्वास्थ्य मंत्री फंगजाथांग तोनसिंग को मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया है।
ऐसा माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में फेरबदल असंतुष्टों की मांगों के अनुरूप नहीं हुआ है।
चूंकि असंतुष्टों की मांगें पूरी नहीं हुई हैं, इसलिए राजनीतिक हलके में लोग दिल थामे बैठे हैं कि अब असंतुष्ट क्या करेंगे?
मणिपुर में कांग्रेस के 48 विधायकों में 25 असंतुष्ट हैं। वे लोग मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी और उप मुख्यमंत्री गैयखंगम को छोड़ कर सभी मंत्रियों को हटाने की मांग कर रहे थे।
dharmpath.com dharmpath