नई दिल्ली, 4 दिसंबर (आईएएनएस)। भारत और सूडान ने यहां विदेश कार्यालय परामर्श के आठवें सत्र के दौरान अपने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “द्विपक्षीय विदेश कार्यालय परामर्श के दौरान सोमवार को द्विपक्षीय संबंधों के सारे पहलुओं- जैसे राजनीतिक, व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, मानव संसाधन विकास, क्षमता निर्माण, कृषि, लाइंस ऑफ क्रेडिट (एलओसी), संस्कृति के बारे में समीक्षा की गई।”
बयान के अनुसार, “भारतीय पक्ष ने इन क्षेत्रों में सूडान के साथ करीबी से कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई..दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और बहुपक्षीय स्तरों पर आपसी चिंताओं के मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।”
भारत सूडान का महत्वपूर्ण सहयोगी है। नई दिल्ली ने इस अफ्रीकी देश के साथ 63.1 करोड़ डॉलर के एलओसी का विस्तार किया है।
भारत ने इसके साथ ही यहां तेल के क्षेत्र (ऑयल सेक्टर) में 2.3 अरब डॉलर का निवेश किया है, जिसका कुछ भाग अब दक्षिण सूडान में पड़ता है।
भारत में अभी करीब 3,000 सूडानी छात्र पढ़ रहे हैं।
सोमवार की बैठक में भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (पश्चिम एशिया और उत्तर अफ्रिका) बी.बाला भास्कर कर रहे थे। वहीं सूडान की तरफ से बैठक की अगुवाई सूडान के विदेश मंत्रालय में अरब और एशिया मामलों के महानिदेशक महमूद फादल अब्दुल रसूल मोहम्मद कर रहे थे।
dharmpath.com dharmpath