भारत सेशेल्स को 10 करोड़ डॉलर रक्षा ऋण देगा

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। भारत ने सोमवार को सेशेल्स को प्रतिरक्षा क्षमताओं और समुद्री बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए 10 करोड़ डॉलर का ऋण प्रदान करने की घोषणा की।

भारत सेशेल्स में अपने रणनीतिक केंद्र का निर्माण करना चाहता है और दोनों देशों ने अपने हितों के लिए साथ मिलकर काम करने का फैसला किया है। हालांकि एसोम्पशन आइलैंड करार को लेकर अभी तक विवाद बना हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फौरे के बीच हैदराबाद हाउस में हुई वार्ता के बाद यहां दोनों नेताओं की ओर से जारी संयुक्त प्रेसवार्ता में मोदी ने कहा, “मुझे सेशेल्स की प्रतिरक्षा के लिए 10 करोड़ डॉलर ऋण की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। इस ऋण से सेशेल्स समुद्री क्षमता का निर्माण करने के लिए भारत से रक्षा उपकरण खरीद सकता है।”

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आमंत्रण पर पहले द्विपक्षीय दौरे पर भारत आए फौरे ने दिल्ली पहुंचने से पहले अहमदाबाद और गोवा की यात्रा की।

मोदी ने कहा कि भारत सेशेल्स को उसकी प्रतिरक्षा क्षमताओं और समुद्री बुनियादी ढांचों को मजबूत बनाने और रक्षा जवानों की क्षमता बढ़ाने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मोदी ने कहा कि भारत की मदद से सेशेल्स परंपरागत और गैर-परंपरागत दोनों प्रकार की समुद्री चुनौतियों का समाधान करने में सक्षम होगा और अपने समुद्री संसाधनों की सुरक्षा कर पाएगा।

हिंद महासागर स्थित द्वीपीय देश के मोदी के पहले दौरे के दौरान 2015 में दोनों देशों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसके तहत भारत को वहां नौसेना सुविधा केंद्र स्थापित करने की अनुमति प्रदान की गई थी। हालांकि सेशेल्स में विपक्ष ने इस करार का विरोध किया है।

मोदी ने कहा, “एसोम्प्शन आईलैंड के मसले हम साथ मिलकर एक-दूसरे के हितों के आधार पर काम करने को तैयार हैं।”

फौरे ने भी मसले पर वार्ता जारी रखने की मंशा जाहिर करते हुए कहा, “समुद्री सुरक्षा के संदर्भ में एसोम्प्शन आईलैंड पर बातचीत हुई। हम समान रूप से इसमें शामिल हैं और एक-दूसरे के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे भी साथ मिलकर काम करते रहेंगे।”

फौरे ने कहा, “उपक्षेत्रीय, क्षेत्रीय और महासागरीय एजेंडा के प्राथमिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और सुगम बनाने के लिए संयुक्त पहलों और सामूहिक प्रयास जारी रखने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”

फौरे के इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच संस्कृति, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा, संरक्षा व सहयोग, कूटनीति और बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्रों में छह नए समझौते हुए।

फौरे ने कहा, “एक दूसरे ऋण से हमें लाभ मिलेगा और इससे हमें सेशेल्स में अपने सैन्य बलों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करने में मदद मिलेगी। अनुदान के जरिए हम नए सरकारी भवन का निर्माण करेंगे। हम नए पुलिस मुख्यालय और महान्यायवादी कार्यालय का निर्माण करेंगे।”

मोदी ने कहा कि भारत की ओर से सेशेल्स को ड्रोनियर विमान प्रदान करने का प्रस्ताव है, जो 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस से पहले वहां होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493