मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रख्यात फिल्म अभिनेता-निर्माता आमिर खान ने बुधवार को ‘असहिष्णुता’ पर अपना रुख स्पष्ट किया और कहा कि न तो वह भारत छोड़ेंगे और न उनकी पत्नी ही देश छोड़ेंगी।
मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। प्रख्यात फिल्म अभिनेता-निर्माता आमिर खान ने बुधवार को ‘असहिष्णुता’ पर अपना रुख स्पष्ट किया और कहा कि न तो वह भारत छोड़ेंगे और न उनकी पत्नी ही देश छोड़ेंगी।
आमिर ने एक बयान में कहा, “सबसे पहले मैं एक बात साफ करना चाहूंगा कि न तो मेरा इरादा देश छोड़ने का है और न मेरी पत्नी का ही इरादा देश छोड़ने का है। हमारा न ऐसा कोई इरादा था, न है और न होगा।”
उन्होंने कहा, “जो कोई भी ऐसी बात फैलाने की कोशिश कर रहा है उसने या तो मेरा साक्षात्कार नहीं देखा है, या वह जानबूझकर मेरी बात को तोड़ मरोड़ कर पेश करने की कोशिश कर रहा है। भारत मेरा देश है, मैं इससे प्यार करता हूं, यहां पैदा होकर खुद को सौभाग्यशाली महसूस करता हूं, और यही मेरी सरजमीं है।”
आमिर (50) ने कहा, “दूसरी बात यह कि साक्षात्कार में मैंने जो भी कहा है उसपर कायम हूं। जो लोग मुझे देशद्रोही कह रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहूंगा कि भारतीय होने पर मुझे गर्व है, और इसके लिए मुझे किसी के इजाजत या प्रमाण-पत्र की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने कहा, “दिल की बात कहने पर जो लोग इस वक्त मुझे भद्दी गालियां दे रहे हैं, मुझे यह कहने में दुख होता है कि आप इस तरह मेरे दृष्टिकोण को सत्यापित ही कर रहे हैं।”
आमिर ने कहा, “जो लोग मेरे साथ खड़े हैं, उन सभी को धन्यवाद। हमें अपने इस खूबसूरत और बेमिसाल देश की हिफाजत करनी है। हमें इसकी एकता-अखंडता, विविधता, समग्रता, यहां की भाषा, संस्कृति, यहां के इतिहास, सहिष्णुता, अनेकांतवाद (बहुलता वाद) के सिद्धांत, यहां के प्रेम, संवेदनशीलता और भावनात्मक शक्ति की हिफाजत करनी है।”
आमिर ने रविंद्रनाथ टैगोर की मशहूर कविता ‘जहां मन भय से मुक्त हो’, से अपनी बात खत्म की।
सोमवार को नई दिल्ली में एक पुरस्कार समारोह में आमिर ने पिछले छह से आठ महीनों में भारत में बढ़ती असहिष्णुता पर निराशा व्यक्त की थी।
उन्होंने कहा था, “जब मैंने घर पर किरण से बात की तो उन्होंने पहली बार मुझसे कहा कि हमें भारत छोड़ देना चाहिए? यह मेरे लिए बहुत दुखद था।”
आमिर के इस बयान के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया है।
आमिर ने अपना यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में दिया है, जब शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में एक संपादकीय के जरिए उनपर बुधवार को ताजा हमला किया और उन्हें स्वघोषित मुल्ला करार दिया।
एक अन्य घटनाक्रम में ऑनलाइन मार्केटप्लेस स्नैपडील ने आमिर की टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया। आमिर स्नैपडील के ब्रांड एम्बेस्डर हैं।
इससे पहले मंगलवार को हिंदू सेना ने बांद्रा में आमिर के घर के सामने प्रदर्शन किया था, जहां आमिर के पुतले जलाए गए और उनके पोस्टरों पर कालिख पोती गई थी।
dharmpath.com dharmpath