नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)। मणिपुर में सोमवार तड़के आए भूकंप के बाद बचाव और राहत कार्यो के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) पूवरेत्तर राज्यों के साथ समन्वय कर रही है।
गृह मंत्रालय से जारी एक बयान के मुताबिक, “मणिपुर के तमेंगलोंग जिले में सोमवार तड़के 4.35 बजे आए 6.7 तीव्रता के भूकंप के बाद एनडीएमए ने राज्य सरकारों, गृह मंत्रालय, रक्षा, दूरसंचार, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, सरकारी विभागों और राहत और बचाव कार्यो से संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय करना शुरू कर दिया है।”
बयान के मुताबिक, “सोमवार सुबह 8.50 बजे तक इम्फाल से पांच लोगों की मौत और 33 लोगों के घायल होने की खबरें मिली हैं। साथ ही कुछ इमारतों, आवासीय इकाइयों और सरकारी कार्यालयों को क्षति पहुंचने की भी खबर मिली है।”
बयान के मुताबिक, दो एनडीआरएफ टीमों को गुवाहाटी से इम्फाल भेजा जा रहा है।
बयान में कहा गया, “एनडीएमए राहत कार्यो की निगरानी और समन्वय कर रही है।”
dharmpath.com dharmpath