भोपाल-राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश रावल के साथ मारपीट के मामले ने बुधवार को तूल पकड़ लिया है। पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जहांगीराबाद थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके बावजूद अधिवक्ताओं का विरोध जारी रहा। वकीलों ने कोर्ट के सामने चक्काजाम कर निलंबित थाना प्रभारी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग उठाई।
मंगलवार रात बैरागढ़ कलां निवासी राकेश रावल पिछले 21 सालों से वकालत कर रहे हैं। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान खटलापुरा इलाके में यातायात व्यवस्था को लेकर उनकी ट्रैफिक एसीपी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें जहांगीराबाद थाने लेकर पहुंचे।
अधिवक्ता का आरोप है कि थाने में थाना प्रभारी और कुछ अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी सामने आने के बाद बड़ी संख्या में वकील जहांगीराबाद थाने पहुंच गए। अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी थाने पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया।
शुरुआत में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) शैलेंद्र सिंह ने अधिवक्ताओं को मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया था। हालांकि, विवाद बढ़ने और वकीलों के विरोध के बीच पुलिस प्रशासन ने जहांगीराबाद TI को निलंबित करने का फैसला लिया।
dharmpath.com dharmpath