सागर-मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई 20 मौतों के मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। अब बंडा थाने में तैनात पूरे स्टाफ को लाइन अटैच कर दिया गया है। इससे पहले क्षेत्र के एसडीओपी और थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा चुकी है। शुरुआती जांच में इलाके में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चलने और समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।जहरीली शराब पीने से अब तक 20 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। जबकि, कई अन्य लोग भी प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद पुलिस, आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अवैध शराब का नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को थी या नहीं।
जांच में अब तक 53 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की भूमिका खंगाल रही है। इसमें शराब तैयार करने, कच्चा माल उपलब्ध कराने और उसकी पैकिंग-सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
dharmpath.com dharmpath