भोपाल, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक व्यापारी ने कर्ज से परेशान होकर बुधवार की दोपहर अपने आवास के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है।
हबीबगंज के थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने संवाददाताओं से कहा कि अरेरा कॉलोनी ई-चार में रहने वाले कारोबारी ऋषभ देव त्रिपाठी ने बुधवार को अपने आवास के बाथरूम में दुपट्टे को फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। त्रिपाठी कर्ज के चलते परेशान थे।
अरजरिया ने बताया कि त्रिपाठी की पत्नी ने एक सुसाइड नोट पुलिस को सौंपा है, जिसमें कुछ लोगों से कर्ज लिए जाने की बात कही गई है। यह लोग उसे परेशान कर रहे थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि त्रिपाठी ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था और लगभग छह माह पूर्व भी उसने पुलिस में शिकायत की थी कि कुछ लोग उसे परेशान कर रहे हैं। बाद में पुलिस की मौजूदगी में कर्ज देने वाले और त्रिपाठी के बीच समझौता भी हो गया था।
dharmpath.com dharmpath