भोपाल, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर नए साल के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। पुलिस ने भी इस जश्न के मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राजधानी भोपाल में नए साल के स्वागत में संगीत का शोर सुनाई नहीं देगा, क्योंकि रात 10 बजे के बाद संगीत पार्टियों पर पूरी तरह पाबंदी है।
वर्ष 2015 की विदाई और 2016 के स्वागत की तैयारियां गुरुवार को पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) ने डीजे पर पूरी तरह पाबंदी लगा रखी है, वहीं पुलिस ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। संगीत पार्टियों को जहां रात 10 बजे के बाद पूरी तरह बंद करा दिया जाएगा, वहीं शाम छह बजे से ही सड़कों पर पुलिस की सख्ती बढ़ जाएगी। मुख्य मार्गो और चौराहों पर शराब पीने वालों पर पुलिस की खास नजर रहेगी।
दक्षिणी भोपाल के पुलिस अधिक्षक अंशुमान सिंह ने बुधवार शाम संवाददाताओं को बताया कि तेज आवाज में संगीत नहीं बजाया जा सकेगा। संगीत बजाने वालों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि इससे दूसरों को परेशानी न हो। वहीं नशा करने वालों का पता लगाने के लिए पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगे।
एक तरफ जहां एनजीटी ने डीजे पर रोक लगा दी है, वहीं पुलिस ने भी रात 10 बजे के बाद तमाम संगीत पार्टियों को बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके चलते नए साल का जश्न मनाने वालों की मौज-मस्ती पर जरूर रोक लगेगी और देर रात तक चलने वाला शोर भी सुनाई नहीं देगा।
राजधानी के प्रमुख होटलों में भी नए साल के स्वागत में रंगारंग कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारी की गई है। पुलिस की नजर इन आयोजन स्थलों पर भी रहेगी, ताकि किसी तरह की अशांति न फैल सके।
dharmpath.com dharmpath