भोपाल में नकदी वाहन से 43 लाख ले उड़े बदमाश

भोपाल, 20 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के महाराणा प्रताप नगर के जोन दो में गुरुवार को बदमाश दिनदहाड़े नकदी वाहन (कैश वैन) से 43 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। यह रकम वाहन में एक पेटी में रखी हुई थी।

पुलिस ने कहा कि एटीएम में रकम डालने पहुंचे नकदी वाहन को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। दोपहर लगभग एक बजे नकदी वाहन महाराणा प्रताप नगर की बैंक स्ट्रीट पहुंचा। वाहन में मौजूद सुरक्षा कर्मी व अन्य कर्मचारी एटीएम में रकम डालने गया, वहीं दो कर्मचारी वाहन के पास ही खड़े थे।

इसी बीच एक व्यक्ति आया और उसने वाहन के पीछे कुछ रुपये पड़े होने की बात कही तो दोनों कर्मचारी वाहन के पीछे की तरफ गए और वापस लौट कर आए तो देखा कि मारुति वैन का दरवाजा खुला था और नोटों से भरी पेटी गायब थी।

घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बदमाशों की तलाश में जुट गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी ने आईएएनएस को बताया कि पेटी में 43 लाख रुपये थे। बदमाशों ने घटना को कैसे अंजाम दिया पुलिस इसका पता लगा रही है।

इस घटना के बाद जो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, उससे साफ पता चल रहा है कि एक व्यक्ति मारुति वैन से पेटी को निकालने के बाद मुख्य सड़क की ओर बढ़ रहा है। उसके बाद वह कहां और कैसे गया, इसका पता नहीं चल पाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493