भोपाल, 17 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए 22 जनवरी को पूर्व सैनिक रैली के आयोजन की घोषणा की गई है।
सैनिक कल्याण कार्यालय (भोपाल एवं पश्चिम मध्यप्रदेश सब एरिया मुख्यालय) की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, ‘पूर्व सैनिक रैली’ 22 जनवरी को सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक बैरागढ़ स्थित ईएमई सेंटर के जीत स्टेडियम में होगी। इस रैली का उद्देश्य सैन्य क्षेत्र में पूर्व सैनिकों व उनके परिजनों को आमंत्रित कर उनकी कठिनाइयों को जानना और निराकरण की दिशा में कदम उठाना है।
रैली स्थल पर कैंटीन सामग्री, पेंशन सेल, अभिलेख कार्यालय, चिकित्सा शिविर, नौकरी में आरक्षण संबंधी जानकारी के अलावा राज्य सैनिक बोर्ड और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में पूर्व सैनिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
भोपाल के सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल डी़ सी़ गोयल ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा और होशंगाबाद में रहने वाले पूर्व सैनिकों व उनकी विधवाओं से रैली में शामिल होने का आग्रह किया है।
dharmpath.com dharmpath