भोपाल में मंत्री के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, लाठीचार्ज में कई घायल (फोटो सहित)

भोपाल, 16 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में हुए 500 करोड़ रुपये के हवाला कांड में कथित तौर पर शामिल राज्य सरकार के मंत्री संजय पाठक के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस के लाठीचार्ज में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने आईएएनएस को बताया कि कटनी हवाला कांड में शामिल मंत्री संजय पाठक के इस्तीफे की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सोमवार को मुख्यमंत्री के आवास को घेरने का ऐलान किया। पार्टी दफ्तर के बाहर सभा के बाद पार्टी कार्यकर्ता जब मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, उसी समय उन पर पुलिस ने पहले जलतोप से पानी की बौछार की और उसके बाद लाठीचार्ज शुरू कर दिया।

मिश्रा के मुताबिक, पुलिस ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष यादव को सीधे निशाना बनाया और उन पर जमकर लाठियां बरसाईं। यादव के सिर और कमर में चोटें आई हैं। उन्हें पहले जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार न मिलने पर उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

लाठीजार्च में एनएसयूआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष अमृता धवन और प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी घायल हुए हैं। कांग्रेस ने पुलिस पर पार्टी के दफ्तर में घुसकर कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाने का आरोप लगाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493