भोपाल, 7 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 20 लाख रुपये की फिरौती के लिए अपहृत एमएलबी गर्ल्स कॉलेज की छात्रा रचना परमार को पुलिस ने अजमेर के एक होटल से बरामद कर लिया है। साथ ही एक अपहर्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के एक अन्य साथी की तलाश जारी है।
भोपाल (उत्तर क्षेत्र) के पुलिस अधीक्षक अरविंद सक्सेना ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि मंडीदीप निवासी व्यवसायी भोपाल परमार की एमएलबी (शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या) कॉलेज में बी.ए.द्वितीय वर्ष में पढ़ने वाली बेटी रचना परमार 30 अगस्त को कॉलेज परिसर से लापता हो गई थी, जिसके बाद छात्रा के परिजनों से रचना की रिहाई के बदले में 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
सक्सेना के अनुसार, छात्रा के लापता होने की सूचना पर श्यामला हिल्स पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आखिरकार मंगलवार को पुलिस दल अजमेर के उस होटल तक पहुंच गया, जहां आरोपी राजा मियां ने रचना को रखा था। पुलिस ने रचना को बरामद करने के साथ राजा को भी हिरासत में ले लिया।
भोपाल में बुधवार को राजा को गिरफ्तार कर लिया गया और छात्रा को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। राजा का एक अन्य साथी बबलू फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
dharmpath.com dharmpath