हाजीपुर, 13 जनवरी (आईएएनएस)। केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान द्वारा भेजे गए ग्रीटिंग कार्ड गंतव्य तक नहीं पहुंचाने के आरोप में डाक विभाग ने एक पोस्टमास्टर समेत तीन लोगों को निलंबित कर दिया है।
हाजीपुर के डाक अधीक्षक उमेश चंद प्रसाद ने बुधवार को बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि 450 से ज्यादा ग्रीटिंग कार्डस जिला बार काउंसिल भवन की तीसरी मंजिल पर बिखरे पड़े थे। शुरुआती जांच में यह शिकायत सही पाई गई है।
उन्होंने बताया कि इस पर कार्रवाई करते हुए हाजीपुर मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर ललन राम, जनसंपर्क निरीक्षक राज कुमार श्रीवास्तव और डाकिया देवनारायण महतो को निलंबित कर दिया गया।
डाक अधीक्षक ने बताया कि कार्ड को जल्दी से जल्दी सही पते पर पहुंचाने के इंतजाम कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में और भी कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल पाए जाएंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पासवान द्वारा हाजीपुर के महत्वपूर्ण लोगों को नए वर्ष पर भेजे गए ग्रीटिंग कार्ड मंगलवार को जिला बार काउंसिल भवन की तीसरी मंजिल पर बिखरे पड़े थे। इसके बाद पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत डाक अधीक्षक से की थी।
पासवान हाजीपुर से ही सांसद हैं तथा केन्द्रीय मंत्री भी हैं।
dharmpath.com dharmpath