नई दिल्ली-हिंसा प्रभावित मणिपुर में गुरुवार (27 अगस्त) सुबह अज्ञात बंदूकधारियों ने चार नगा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी है.द हिंदू की ख़बर के मुताबिक, यूनाइटेड नगा काउंसिल (यूएनसी) ने इस हमले के लिए कुछ कुकी सशस्त्र समूहों को जिम्मेदार ठहराया है, हालांकि अब तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
यूएनसी ने हमले की निंदा करते हुए इसे ‘बर्बर और सुनियोजित’ बताया. संगठन ने कहा कि यह घटना ‘शांति, भारत-नगा शांति प्रक्रिया और हमारी पैतृक भूमि पर नगाओं के अस्तित्व के लिए सीधी चुनौती’ है.परिषद ने नगा समुदाय से सतर्क रहने और ‘ऐसे बाहरी खतरों’ के खिलाफ एकजुट रहने की अपील की है.
अख़बार के मुताबिक, यह हमला मणिपुर के कांगपोकपी जिले में माकुई अशांग और थानाम्बा नगा गांवों के बीच हुआ.
यूएनसी ने मृतकों की पहचान ताडसोंगबौ रिंगकंगमाई, मारियाकदिबौ विजुनामाई, अनिल विजुनामाई और विसोबौ चारेनामाई के रूप में की है.
संगठन के अनुसार, हमले में गाइकामंग रिंगकंगमाई नाम का एक व्यक्ति घायल हुए हैं, जबकि जापौ एमके नाम के एक अन्य व्यक्ति लापता हैं.
यूएनसी ने इस हमले के लिए कुकी नेशनल फ्रंट (केएनएफ), केएनएफ (प्रेसिडेंशियल) और कुकी रिवोल्यूशनरी आर्मी को जिम्मेदार ठहराया है. इन समूहों ने वर्ष 2008 में केंद्र सरकार के साथ ‘सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन’ समझौते पर हस्ताक्षर किए थे.
dharmpath.com dharmpath