मणिपुर के मुख्यमंत्री का कानून एवं व्यवस्था में सुधार का दावा

इंफाल, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने गुरुवार को दावा किया कि विद्रोह प्रभावित राज्य में छह महीने पहले सत्ता संभालने वाली भाजपा सरकार ने कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है।

उन्होंने मणिपुर के पहले पुलिस बल के 125 वर्ष पूरे होने पर हुए एक कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।

सिंह ने अपने पास गृह मंत्रालय का प्रभार भी रखा है। उन्होंने कहा, “लोगों और पुलिस को राज्य में शांति और सामान्य स्थिति की बहाली के लिए हाथ से हाथ मिलाकर काम करने की आवश्यकता है। अब बड़ी संख्या में लोग मुझसे पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में पुलिस बल भेजने का अनुरोध कर रहे हैं जो एक स्वागत योग्य संकेत है।”

उन्होंने कहा कि अब किसी विश्वास की कमी नहीं है और सभी वर्गों के लोग समाज विरोधी तत्वों की गिरफ्तारी कराने के लिए उनसे जुड़ी जानकारी देने के लिए आगे आ रहे हैं।

सिंह ने कहा, “पिछले तीन महीनों के दौरान भीड़ द्वारा किए जाने वाले अपराधों पर लगाम लगाई गई है। लोग मामलों को पुलिस को सौंप रहे हैं जिससे यह दिखता है कि लोगों की मानसिकता बदल गई है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मणिपुर कोई नवनिर्मित राज्य नहीं है। इसका दो हजार से अधिक वर्षों का एक लिखित इतिहास अस्तित्व में है। वर्तमान सरकार की प्रतिबद्धता है कि इसे बचाने के लिए किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493