मणि भी झूठ पकड़ने वाली मशीन का सामना करें : माकपा

तिरुवनंतपुरम, 25 मई (आईएएनएस)। केरल में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने वित्तमंत्री के.एम. मणि पर बार मालिकों से रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग दोहराई। माकपा ने सोमवार को कहा कि मणि को भी लाइडिटेक्टर परीक्षण से गुजरना चाहिए।

माकपा के राज्य सचिव कोडियेरी बालाकृष्णन ने कहा कि यदि मणि इस्तीफा नहीं देते हैं, तो केरल सरकार को उन्हें मंत्री पद से निष्कासित करना चाहिए।

मीडिया में रविवार को आई उन खबरों के बाद मणि के इस्तीफे और लाइडिटेक्टर परीक्षण की मांग एक बार फिर तेज हो गई, जिनमें कहा गया कि बीते सप्ताह बार मालिक बीजू रमेश के चालक का लाइडिटेक्टर परीक्षण कराया गया, जिससे इस बात की पुष्टि हो गई कि राज्य सतर्कता विभाग के समक्ष दिया गया उसका बयान सच था।

बालाकृष्णन ने कहा, “चालक अंबिली लाइडिटेक्टर परीक्षण के दौरान दिए गए बयान से यह स्पष्ट हो गया कि उसने पूर्व में सतर्कता विभाग के समक्ष भी यही बयान दिया था। अब मणि को इस्तीफा देना चाहिए और यदि वह ऐसा नहीं करते हैं, तो केरल सरकार को उन्हें पद से निष्कासित करना चाहिए।”

अंबिली ने सतर्कता विभाग के समक्ष पिछले महीने यह बयान दिया था कि उसने केरल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी. राजकुमार उन्नी को मणि के आधिकारिक आवास में उन्हें रुपये सौंपते हुए देखा था।

दूसरी तरफ, मणि ने कहा कि सतर्कता विभाग की जांच चल रही है, इसलिए उन्हें इस बारे में कुछ भी नहीं कहना है।

मणि ने संवाददाताओं से कहा, “मुझे कुछ नहीं कहना है और मेरा कुछ कहना उचित भी नहीं है।”

मणि की पार्टी के नेता इस बात से खफा हैं कि न्यायालय को सौंपी गई अति गोपनीय रिपोर्ट मीडिया में सार्वजनिक कैसे हो गई।

राज्य के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि यह हैरत की बात है कि रिपोर्ट मीडिया में सार्वजनिक हो गई। उन्होंने कहा, “यह खबर कहां से लीक हुई, इस बात की जांच की जाएगी।”

विपक्ष के नेता वी.एस. अच्युतानंदन ने कहा कि मणि की पार्टी और पार्टी के नेता अब बेवकूफाना बहाने बना रहे हैं और रिपोर्ट लीक होने की जांच कराना चाहते हैं।

अच्युतानंदन ने कहा, “कृपया, इस्तीफा दें और लोगों के धर्य की और परीक्षा न लें। सारे सबूत उनके खिलाफ हैं और अब यदि सतर्कता विभाग उनका लाइडिटेक्टर परीक्षण कराता है, तो उनकी करतूतों का भंडाफोड़ हो जाएगा, तो बेहतर है कि इससे पहले इस्तीफा दे दें।”

इस बीच, सतर्कता विभाग महीने के अंत में अपनी रिपोर्ट सौंपने वाला है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493