नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मथुरा में खूनी खेल खेलनेवालों के खिलाफ शुक्रवार को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मथुरा में हुई हिंसा में दो पुलिसकर्मियों सहित 24 लोगों की जान चली गई।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश सरकार मथुरा में हिंसा करने वालों के खिलाफ कानून सम्मत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। आरोपियों की त्वरित सुनवाई होगी।”
यादव ने जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारियों के परिजनों को सहयोग देने का वादा भी किया।
उन्होंने ट्वीट किया, “इन बहादुरों के परिजनों को मेरी तरफ से गहरी संवेदनाएं। मेरी सरकार उनके परिजनों को हर तरह का सहयोग सुनिश्चित करेगी।”
मुख्यमंत्री ने दोनों पुलिस अधिकारियों के परिजनों को अनुग्रह राशि के रूप में 20-20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि मथुरा में गुरुवार शाम जवाहरबाग को खाली कराने गए पुलिस दल पर अतिक्रमणकारियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव तथा सिटी एसपी मुकुल द्विवेदी की मौत हो गई।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर पुलिस दल पार्क खाली कराने गया था।
dharmpath.com dharmpath