भोपाल, 5 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में शुक्रवार की सुबह ठंड का असर बना रहा। राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर का असर रहा।
वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
राज्य में शुक्रवार को मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, लेकिन सर्द हवाएं ठिठुरन पैदा करने वाली रही। इसके साथ ही कई हिस्सों में छाए कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान शीतलहर के कारण ठिठुरन बनी रही। उमरिया जिला सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में रीवा, शहडोल, जबलपुर, रीवा, ग्वालियर, चंबल संभागो के कई जिलों में सामान्य से भारी शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री, इंदौर का 9.4 डिग्री, ग्वालियर का 4.2 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री, इंदौर का 27.2 डिग्री, ग्वालियर का 23.3 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
dharmpath.com dharmpath