भोपाल, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर गुरुवार सुबह शीतलहर का असर दिखाई दिया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान पाला पड़ने के साथ कोहरा बढ़ने की संभावना जताई है।
राज्य में गुरुवार सुबह ठिठुरन भरी रही। खिली धूप ने कुछ राहत दी, लेकिन सर्द हवाओं ने परेशान किया। बीते 24 घंटों के दौरान रीवा, उमरिया, छतरपुर, दमोह, शाजापुर व ग्वालियर में शीतलहर ने ठिठुरा दिया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल, रीवा, भोपाल और सागर संभाग में शीतलहर चलने और पाला पड़ने की संभावना जताई है। राज्य में सबसे सर्द दमोह, उमरिया व खजुराहो रहा, जहां तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी भोपाल में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, इंदौर में नौ डिग्री, ग्वालियर में 4.4 डिग्री और जबलपुर में 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पहले बुधवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री, इंदौर में 25.6 डिग्री, ग्वालियर में 24.4 डिग्री और जबलपुर में 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath