भोपाल, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में पिछले दो-तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश से बुधवार सुबह मौसम राहतभरा बना हुआ है। हवाओं में नमी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बारिश एवं कहीं-कहीं ओले पड़ने की आशंका जताई है।
राज्य में बुधवार सुबह मौसम राहत देने वाला है। आसमान में हल्की बदली छाई हुई है। बीते तीन दिनों से हो रही बारिश तापमान में गिरावट लाई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। टीकमगढ़, शहडोल, अनूपपुर आदि जगहों में ओले पड़ने की आशंका है।
राजधानी भोपाल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री, इंदौर में 17.3 डिग्री, ग्वालियर में 18.8 डिग्री और जबलपुर में 18.7 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री, इंदौर में 29.2 डिग्री, ग्वालियर में 31.5 डिग्री और जबलपुर में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath