भोपाल, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर मंगलवार सुबह शीतलहर का जोर रहा, जिससे लोग कांपते दिखे। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान शीतलहर का असर बने रहने के अलावा पाला पड़ने की भी संभावना जताई है।
राज्य में मंगलवार को एक बार फिर सर्द हवाओं ने जोर पकड़ा। सर्द हवाएं गलाने वाली थीं। धूप खिली होने से हालांकि काफी राहत मिली। सर्द हवाओं का जोर बढ़ने से राज्य में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, चंबल, उज्जैन संभागों में शीतलहर के अलावा छतरपुर, ग्वालियर और रीवा में पाला पड़ने के आसार जताए हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री, इंदौर में 8.4 डिग्री, ग्वालियर में चार डिग्री और जबलपुर में 10.4 डिग्री सेल्सियस किया गया। वहीं सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री, इंदौर में 23.6 डिग्री, ग्वालियर में 22.5 डिग्री और जबलपुर में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath