भोपाल, 13 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर बुधवार सुबह हल्के बादल रहे। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में शीतलहर का असर बने रहने के साथ कोहरा छाने की संभावना जताई है।
राज्य में बुधवार सुबह ठंड का असर बना रहा। आसमान में हल्की बदली छाई हुई थी। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम में ज्यादा बदलाव न होने के आसार जताए हैं। आगामी 24 घंटों के दौरान रीवा, शहडोल व बालाघाट में शीतलहर चलने की संभावना है और मुरैना, भिंड, ग्वालियर व दतिया में कोहरा छा सकता है।
राजधानी भोपाल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, इंदौर में 12.9 डिग्री, ग्वालियर में 11.5 डिग्री और जबलपुर में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री, इंदौर में 29.5 डिग्री, ग्वालियर में 28 डिग्री और जबलपुर में 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath