मप्र : अधिकारी के ऑडियो टेप से परिवहन विभाग में हड़कंप

भोपाल, 18 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक परिवहन अधिकारी के कथित ऑडियो टेप ने परिवहन विभाग में चल रहे ‘खेल’ को उजागर कर पूरे महकमे को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।

इस कथित ऑडियो में परिवहन आयुक्त को परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह से ज्यादा ताकतवर बताते हुए एक अधिकारी कह रहा है, “वह (परिवहन आयुक्त) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 80 करोड़ रुपये हर माह देते हैं।”

वहीं संबंधित अधिकारी ने इस ऑडियो को षड्यंत्र बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

यह कथित ऑडियो टेप सतना के परिवहन अधिकारी सूर्यकांत त्रिपाठी का है। टेप में त्रिपाठी कह रहे हैं, “परिवहन विभाग के आयुक्त (शैलेंद्र श्रीवास्तव) की कृपा से उनका परिवहन कार्यालय से अटैचमेंट खत्म हुआ और सतना में पदस्थ किया गया है। फिलहाल परिवहन आयुक्त मंत्री के किसी आदेश को नहीं मानते, क्योंकि वह हर माह 80 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री को पहुंचाते हैं।”

इस कथित ऑडियोटेप के वायरल होने के बाद पूरे परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया है।

त्रिपाठी ने आईएएनएस से कहा कि जो ऑडियो वायरल हुआ है, उसमें उनकी आवाज नहीं है। कुछ लोगों ने साजिश के तहत उनकी छवि खराब करने के लिए यह ऑडियो टेप तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इस संबंध में उन्होंने रायसेन थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

शुक्रवार को जब वह भोपाल से सतना लौट रहे थे, उसी दौरान उन्हें इस ऑडियो टेप की जानकारी मिली। उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले थाने में शिकायत दर्ज कराई।

वहीं परिवहन आयुक्त श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि उन्हें ऑडियो टेप की जानकारी परिवहन अधिकारी त्रिपाठी द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद ही हुई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या ऑडियो की आवाज का परीक्षण किया जाएगा तो उनका कहना था कि पुलिस पूरी जांच कर कार्रवाई करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493