मप्र : उज्जैन सिंहस्थ के प्रचार के लिए मोटर साइकिल रैली

भोपाल, 16 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अप्रैल-मई माह में होने वाले सिंहस्थ कुंभ का संदेश देश और देश के बाहर के लोगों तक पहुंचाने के लिए बुधवार को मोटर साइकिल रैली भोपाल से रवाना हुई। यह रैली देश के सात राज्यों के 40 शहरों के अलावा नेपाल भी जाएगी।

राज्य के जनसंपर्क, ऊर्जा एवं खनिज साधन मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को सिंहस्थ-2016 के प्रचार-प्रसार के लिए देश-विदेश में जाने वाले सिंहस्थ आमंत्रण मोटर साइकिल रैली के द्वितीय चरण के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर शुक्ल ने कहा कि देश सहित पूरी दुनिया में सिंहस्थ का प्रचार किया जा रहा है। आस्था और आध्यात्म के विश्व में सबसे बड़े समागम सिंहस्थ का आयोजन प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में किया जा रहा है।

शुक्ल ने कहा कि सिंहस्थ समागम के दौरान उज्जैन में वैचारिक महाकुंभ भी होगा। इसके जरिए मानव-कल्याण और पर्यावरण-संरक्षण का संदेश दुनिया में जन-जन तक पहुंच सकेगा।

मंत्री शुक्ल ने बताया कि ये मोटर साइकिल दल भोपाल से 16 मार्च से 22 अप्रैल 2016 तक भारत के सात राज्य, 40 प्रमुख शहर एवं नेपाल पहुंचकर करीब 12 हजार किलोमीटर की यात्रा कर सिंहस्थ के संदेश को प्रसारित करेगा।

यह दल भोपाल से रवाना होकर होशंगाबाद, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, (मप्र) दुर्ग, भिलाई, रायपुर (छग) भुवनेश्वर, जगन्नाथपुरी, राऊरकेला (उड़ीसा) जमशेदपुर, रांची (झारखंड), कोलकाता (पश्चिम बंगाल), पटना, मोतीहारी (बिहार), काठमाण्डू, (नेपाल), गोरखपुर, जौनपुर, वाराणसी, कानपुर, इलाहाबाद (उप्र) तथा सीधी, रीवा, खजुराहो, सागर, भोपाल एवं उज्जैन में सिंहस्थ आमंत्रण का संदेश देगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493