नई दिल्ली/भोपाल, 6 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कोलारस और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के बाद भाजपा सहित अन्य नेताओं का झुकाव लगातार कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। भाजपा के पूर्व विधायक और विधायक नीलम मिश्रा के पति अभय मिश्रा के बाद मंगलवार को निर्दलीय विधायक रहे पारस सखलेचा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।
कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के पार्टी दफ्तर में पारस सखलेचा ने प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, सांसद कांतिलाल भूरिया व विवेक तन्खा की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली।
राज्य की राजनीति में पारस सखलेचा की पहचान व्यापमं घोटाले को उजागर करने वाले ‘व्हिसिलब्लोअर’ की रही है।
सखलेचा से पहले, सोमवार को रीवा के जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व विधायक अभय मिश्रा ने भाजपा से इस्तीफा देकर दिल्ली दफ्तर में कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। अभय मिश्रा की पत्नी नीलम मिश्रा रीवा जिले के सिमरिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की विधायक हैं।
बीते डेढ़ दशक में यह पहला मौका है, जब भाजपा या निर्दलीय पूर्व विधायक ने कांग्रेस की सदस्यता ली हो। मिश्रा विंध्य क्षेत्र से नाता रखने वाले नेता हैं तो सखलेचा निमाड़ क्षेत्र में काफी सक्रिय हैं।
dharmpath.com dharmpath