बैतूल, 24 सितंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली से तिरुवनंतपुरम जा रही रेलगाड़ी संख्या 12648 कांगो एक्सप्रेस में बुधवार की रात मध्य प्रदेश के इटारसी और बैतूल के बीच कई यात्री लूटपाट के शिकार हो गए। बदमाशों ने जंगल से होकर गुजरते समय चेन पुलिंग कर गाड़ी को रोका और स्लीपर कोच एस-6 और एस-7 के यात्रियों से लूटपाट की।
बैतूल रेल सुरक्षा बल के थाना प्रभारी चंदन सिंह बिष्ट ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि रात 10 बजे ट्रेन जैसे ही पोला पत्थर के पास पहुंची, लुटेरों ने उस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद ट्रेन की रफ्तार धीमी कर दी गई। रफ्तार धीमी होते ही लुटेरे उसमें चढ़ गए और चेन पुलिंग की। लुटेरों ने महिला यात्रियों से 65 हजार रुपये के सोने के गहने लूट लिए।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि जिन दो कोचों में लूट की वारदात हुई, उसमें कोई सुरक्षा जवान मौजूद नहीं था। लुटेरों ने एस-6 कोच में सवार सिकंदराबाद निवासी मंजुला रानी (55) से एक पर्स लूटा, उसमें मोबाइल और 1500 रुपये नकद थे। इसी तरह एस-7 में सवार मुरैना निवासी प्रियंका शर्मा (25) से दो मंगलसूत्र और मुरादाबाद निवासी प्रकाशवती बाई जाटव के कानों से सोने के टॉप्स लूट लिए।
राजकीय रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी आर.एल. उइके ने बताया कि तीन यात्रियों के साथ ही लूटपाट की गई। जीआरपी मामला दर्ज कर घटना की विवेचना कर रही है।
dharmpath.com dharmpath