मप्र : कांग्रेस की किसान महापंचायत बुधवार को चुरहट में

भोपाल, 11 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में किसान आंदोलन और आंदोलन के दौरान छह किसानों की शहादत के बाद तेजी से अपनी सक्रियता दिखा रही कांग्रेस बुधवार को सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र में किसान महापंचायत का आयोजन करने जा रही है, जिसमें राष्ट्रीय और प्रदेश के नेता हिस्सा लेंगे।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मंगलवार को यहां एक बयान जारी कर कहा कि भाजपा शासन के किसान विरोधी रवैये और मुख्यमंत्री की कथनी-करनी में अंतर से पूरे प्रदेश में जनता, किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों और मजदूरों में व्यापक आक्रोश है। इसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने संघर्ष करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में चुरहट में किसान महापंचायत होने जा रही है।

सिंह ने बताया कि इस महापंचायत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस महासचिव व मध्यप्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश इसमें शामिल होंगे। किसान महापंचायत में पूरे विंध्य क्षेत्र के किसान, जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस इससे पहले भोपाल में सत्याग्रह, खलघाट में किसान सम्मेलन, लहार में किसान व युवा क्रांति सम्मेलन का आयोजन कर चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493