भोपाल, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नवनियुक्त लोकायुक्त न्यायमूर्ति नरेश कुमार गुप्ता को बुधवार को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली ने शपथ दिलाई।
राजभवन में हुए गरिमामय समारोह में शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह ने किया। राज्यपाल कोहली एवं मुख्यमंत्री चौहान ने नवनियुक्त लोकायुक्त गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
शपथ ग्रहण समारोह में जनसंपर्क एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, राजस्व एवं विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्री उमाशंकर गुप्ता, लोक निर्माण एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री रामपाल सिंह, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विश्वास सारंग, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष, पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि लोकायुक्त पी.पी. नावलेकर का कार्यकाल जून, 2014 में खत्म हो गया था, तब से यह पद रिक्त था। विपक्ष कई बार विधानसभा और विधानसभा के बाहर इस मसले पर सरकार को घेर भी चुका था।
dharmpath.com dharmpath