भोपाल, 11 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में दीपावली के पावन पर्व को लेकर हर वर्ग में उत्साह है, बाजार में रौनक है और लोग जमकर खरीदारी करने में जुटे हुए हैं। कपड़ा, बर्तन, सर्राफा बाजार से लेकर पटाखों के बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी हुई है।
राजधानी भोपाल के बाजारों का बुधवार को नजारा निराला है। यहां के बिटठन बाजार, दस नम्बर बाजार, लखेरा बाजार, मारवाड़ी बाजार सहित अन्य बाजारों में खरीदारी का दौर जारी है। आलम यह है कि हर बाजार की सड़कों पर जन सैलाब है।
लखेरा बाजार में साड़ी का कारोबार करने वाले उमेश का कहना है कि भले ही महंगाई का जोर हो, मगर लोगों के उत्साह पर उसका ज्यादा असर नहीं है। हर व्यक्ति अपनी आर्थिक स्थिति के मुताबिक खरीदारी कर रहा है।
प्रापर्टी का कारोबार करने वाले आशीष शर्मा कहते हैं कि महंगाई ने लोगों की इच्छाओं को कुछ नियंत्रित किया है, मगर ऐसा नहीं है कि लोग अपनी इच्छाओं के मुताबिक मकान या भूखंड नहीं खरीद रहे हैं।
इसी तरह भोपाल में बनाए गए पटाखा बाजारों में भी खरीदारी का दौर चल रहा है। इस बार की खूबी यह है कि चीनी पटाखों की बिक्री नहीं की जा रही है, वहीं लोग देशी पटाखों में भी ज्यादा आवाज वाले नहीं बल्कि ज्यादा रोशनी बिखेरने वाले पटाखे खरीद रहे हैं।
राजधानी भोपाल के अलावा इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन आदि के बाजारों में भी खासी भीड़ है। वही बाजारों में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
dharmpath.com dharmpath