मप्र के सिवनी में लू और डायरिया से 7 की मौत, 110 बीमार

सिवनी, 23 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के जनजाति बहुल विकासखंड घंसौर के छह गांवों में लू लगने और डायरिया से दो दिनों के भीतर सात लोगों की मौत हो गई। डायरिया फैलने से 110 बीमार हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

सिवनी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. श्रीवास्तव ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि घंसौर विकासखंड मुख्यालय और छह गांवों में लू और डायरिया का प्रकोप देखा जा रहा है। दो दिनों के दौरान सात लोगों की मौत हो गई है। अन्य 110 बीमार लोगों को घसौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते दो दिनों में घसौर विकासखंड मुख्यालय के अलावा अगरियाकलां, पचपेड़ी, पहाड़ी भालीवाड़ा, बिनेकी, बांदा आदि में लू लगने से बड़ी संख्या में लोग बीमार हो गए। इन पीड़ितों को उल्टी-दस्त लगे, उसके बाद सात की मौत हो गई। ये सातों वे लोग हैं, जो समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए।

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों का कहना है कि इन गांवों में डायरिया भी फैला हुआ है, जिससे बड़ी संख्या में आदिवासी बीमार हैं। इनमें से 110 तो अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि कई अन्य पीड़ित लोग अभी अपने घरों में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493