बैतूल, 14 अगस्त (आईएएनएस)। देश में समाज की खुशहाली के लिए कई लोग बहुत कुछ कर गुजरने की इच्छा रखते हैं और इसके लिए वे साहसिक कदम भी उठाने से नहीं हिचकते।
ऐसे ही कुछ लोग है मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में जिन्होंने शराबबंदी की कारगर पहल की और उन्हें लोगों का साथ मिला। इन गांवों ने शराबबंदी का प्रस्ताव पारित कर शराब पीने, कारोबार में सहयोग करने व बेचने वालों पर जुर्माना लगाने का फैसला लिया है।
बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड, जिसे कालापानी भी कहते हैं। इस इलाके के एक दर्जन गांव को नशामुक्त करने का कुछ लोगों ने अभियान शुरु किया। नशे के खिलाफ अभियान की शुरुआत पूर्व जनपद सदस्य भैयालाल इनावे ने की। इसके लिए उन्होंने सबसे पहले दामजीपुरा ग्राम को नशामुक्त करने के लिए ग्रामसभा में नशामुक्ति समिति बनाई, जिसमें अध्यक्ष बंशी इवने, उपाध्यक्ष विजय को बनाया गया। ग्रामसभा में ग्रामीणों द्वारा शराबबंदी के लिए नियम बनाए और जुर्माना भी तय किया।
इनावे बताते है कि उन्हें नशामुक्ति अभियान चलाने की प्रेरणा निमाड़ क्षेत्र के जनपद सदस्य रामप्रसाद कवड़े से मिली। कवड़े ने खंडवा जिले के कई गांव में शराबमुक्ति का अभियान चलाया है। उनको आमजनों के मिले सहयोग की कहानियां सुनकर वे उत्साहित हुए और अपने क्षेत्र में भी इसी तरह का अभियान चलाने में लग गए।
भीमपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दामजीपुरा सहित एक दर्जन ग्रामों में शराबबंदी को लेकर अभियान चल रहा है। इस अभियान के दौरान ग्रामसभाओं ने तय किया है कि शराब लाने और बनाने वाले पर 20,000 रुपये का जुर्माना, शराब पीकर झगड़ा अथवा दंगा करने पर 10,000 रुपये का जुर्माना देना होगा, वहीं शराब बेचने और बनाने वाले की सूचना देने वाले को 5,000 रुपये का ईनाम दिया जाएगा।
शराबबंदी के इस अभियान को लेकर बैतूल पुलिस अधीक्षक राकेश जैन का कहना है कि नशामुक्ति के लिए जो भी संस्था अथवा व्यक्ति अभियान चलाएगा पुलिस न सिर्फ उसका सहयोग करेगी बल्कि उसकी सुरक्षा भी करेगी।
राज्य में अभी शराबबंदी नहीं है, मगर बैतूल के गांवों ने इस दिशा में अहम कदम बढ़ाए हैं। शराबबंदी और जुर्माने के प्रस्ताव दामजीपुरा ग्राम पंचायत के अलावा भुरभुर, दावनिया, बकार्जुन, खुर्दा, बटकी, हरदा दादू, उमरघाट, केकड़िया कला, पालंगा, जोगली, बाटलाकला, महतपुर, जावरा में पारित किए जा चुके है।
ग्रामसभाओं में लिए गए फैसलों के मुताबिक शराबबंदी के चलते लगाए जाने वाले जुर्माना से आने वाली राशि में से ही शराब बेचने की सूचना देने वालों को इनाम दिया जाएगा तो शेष बची राशि को गांव के विकास कार्य में लगाया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath