मप्र को बदनाम करने की अंतर्राष्ट्रीय साजिश : खनिज मंत्री

भोपाल, 24 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खनिज, ऊर्जा और जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले का नाम लिए बगैर कहा कि विकास के मामले में अग्रणी राज्यों में शामिल मध्य प्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय साजिश के चलते बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है।

राजधानी भोपाल में शुक्रवार को आयोजित महेंद्र चौधरी स्मृति राज्यस्तरीय फोटो पत्रकारिता सम्मान समारोह में शुक्ल ने कहा कि मध्य प्रदेश में हो रहे विकास की चर्चा हर तरफ थी, कुछ समय पहले तक आमजन को मिल रही बिजली सुविधा, सड़कों की स्थिति को लेकर उदाहरण दिया जाता था, मगर अंतर्राष्ट्रीय साजिश के चलते बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपलब्धियों का गुणगान किया और कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसा मुख्यमंत्री मिला है, जिसने प्रदेश को संवारने का काम किया है, इसे कोई नकार नहीं सकता। एक तरफ विकास के काम, दूसरी तरफ जनकल्याणकारी कार्यक्रम चल रहे हैं। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना जैसे कार्यक्रमों की कोई कल्पना नहीं कर सकता था।

इस मौके पर प्रदेश के फोटो पत्रकारों को राज्य सरकार की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव एस.के. मिश्रा व आयुक्त अनुपम राजन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि व्यापमं घोटाले का खुलासा होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में मध्य प्रदेश सुर्खियों में रहा है और राज्य सरकार की खूब किरकिरी हुई है। खनिज मंत्री ने उसी को लेकर अपनी राय जाहिर की होगी, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493