अनूपपुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक में निर्माणाधीन जैन मंदिर में काम पर लगी क्रेन के तेज रफ्तार हवा के कारण गिर जाने से सात लोगों की मौत हो गई, वहीं कई लोग अब भी दबे हुए हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है।
पुलिस ने बताया कि अमरकंटक में जैन मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण कार्य में एक बड़ी क्रेन भी लगाई गई थी। बुधवार की शाम को तेज हवाओं के साथ बवंडर आया जिसकी चपेट में आया क्रेन टूट कर गिर पड़ा। क्रेन की चपेट मंे दुकानें, राहगीर और एक कार भी आ गई।
अनूपपुर के जिलाधिकारी एन. एस. परमार ने आईएएनएस को बताया कि इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है तथा राहत और बचाव कार्य जारी है। परमार ने बताया कि क्रेन के नीचे दबे लोगों को निकालने की कोशिशें जारी हैं।
परमार ने कहा, “आंधी और तेज हवाओं के चलते कई पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। अंधेरा होने के कारण राहत व बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है।”
उनका दावा है कि आगामी तीन से चार घंटे में सभी दबे लोगों को निकाल लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख और घायलों को 25-25 हजार की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर निर्माण कार्य में जो क्रेन लगी थी, वह काफी विशालकाय थी। बुधवार की शाम बेहद तेज गति की हवा के कारण क्रेन बीच से टूट गई और सीधे दुकानों, राहगीरों और एक कार पर जा गिरी।
dharmpath.com dharmpath