भोपाल, 4 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी में बन रहे गेमन इंडिया के परिसर में काम करने वाले मजदूरों को बीते तीन माह से मजदूरी का भुगतान न किए जाने पर ठेकेदारों ने जमकर हंगामा किया। वहीं पुलिस की मौजूदगी में कामकाज देख रहे अधिकारी ने दो किस्तों में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने का वादा किया, तब हंगामा शांत हुआ।
यहां के तात्याटोपे नगर क्षेत्र में रिडेंसीफिकेशन योजना (पुनर्घनत्वीकरण योजना) के तहत सरकार ने लगभग 15 एकड़ भूमि आवंटित की है। इस भूमि पर गेमन इंडिया व्यावसायिक और आवासीय परिसर का निर्माण कर रही है। इस निर्माण कार्य में बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत हैं, जिन्हें विभिन्न स्थानों से ठेकेदार लेकर आए हैं।
ठेकेदार मुहम्मद खुर्शीद का आरोप है कि बीते तीन माह से गेमन इंडिया द्वारा भुगतान नहीं किया गया है। इसके चलते उन्हें मजदूरों को वापस भेजना पड़ा है। यहां कुल 21 ठेकेदार काम कर रहे हैं। भुगतान को लेकर गुरुवार को ठेकेदारों ने हंगामा किया। पुलिस ने हालात को संभाला।
ठेकेदारों के हंगामे के बीच मौके पर पहुंचे नगर पुलिस अधीक्षक सलीम खान ने भुगतान न होने की वजह साइट इंचार्ज राजेंद्र कुमार से ब्योरा मांगा।
राजेंद्र ने बताया कि वह गेमन इंडिया का कर्मचारी नहीं है, मगर कामकाज की देखरेख करता है। उसका कहना है कि जो भी राशि का भुगतान लंबित है, उसका दो किस्तों में भुगतान कर दिया जाएगा। उसके बाद ठेकेदार शांत हुए। इस मामले पर गेमन इंडिया की ओर से कोई अधिकारी अपना पक्ष रखने सामने नहीं आया।
dharmpath.com dharmpath