मप्र : गोमांस के शक में ट्रेन में मुस्लिम दंपति से अभद्रता, 9 गिरफ्तार

हरदा (मप्र), 15 जनवरी (आईएएनएस)। हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग अब ट्रेन में घुसकर ‘असहिष्णुता’ का नमूना पेश करने लगे हैं। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के एक मुस्लिम दंपति को कुशीनगर एक्सप्रेस में यात्रा करते समय गोमांस के शक में एक हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों की अभद्रता का शिकार बनना पड़ा। इस मामले में दोनों पक्षों में हुए विवाद हुआ, जिसमें नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बुधवार को हरदा निवासी मुहम्मद हुसैन अपनी पत्नी नसीमा बानो के साथ कुशीनगर एक्सप्रेस से हरदा लौट रहे थे, तभी छनेरा रेलवे स्टेशन (खंडवा जिला) पर हिंदूवादी संगठन के गौरक्षक दल के कुछ सदस्य ट्रेन के डिब्बे में घुस गए और सामान की तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें इसी डिब्बे में दूसरे बर्थ के नीचे एक पोटली में मांस मिला।

नसीमा बानो का कहना है कि इन लोगों ने उनसे तथा उनके पति के साथ अभद्रता की। कई यात्रियों ने डिब्बे में घुस आए लोगों की हरकत का विरोध भी किया।

हरदा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किरणलता केरकट्टा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि यह गाड़ी जब खिरकिया स्टेशन पहुंची तो हुसैन के कुछ रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए और मारपीट शुरू हो गई। बाद में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के इटारसी थाने ने दोनों पक्षों से जुड़े नौ लोगों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि बरामद मांस की जांच कराई गई, जो भैंस का मांस निकला। यह मांस भी पीड़ित दंपति के पास से नहीं मिला था, वे बेवजह हिंदूवादियों की अभद्रता का शिकार बन गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493